चोर-पुलिस मौसेरे भाई -- मुकेश जोशी.

चोर-पुलिस मौसेरे भाई -- मुकेश जोशी.

अ
पने कैशोर्य में पिताजी और हम तीन भाइयों के बीच एक अदद साइकिल ही लोकल ट्रांसपोर्टेशन का इकलौता साधन हुआ करती थी, पिताजी अगर साइकिल लेकर निकललिए तो ज़ाहिर है हम भाइयों को 'पदयात्रा' ही करना पड़ती थी| उस दौर में टेम्पो तांगे भी 'अफोर्ड' नहीं कर सकते थे| बड़ा होने के नाते पिताजी के बाद साइकिल पर मेरा पहला हक़ बनता था, सो उसी हक़ के चलते एक बार साइकिल मेरे खाते में बाज़ार तो  गई पर घर वापस  नहीं आ सकी| मैं किराने की दूकान पर पुडियाएं बंधवाने में लगा रहा और मेरे नीचे से ही कोई हमारी इकलौती साइकिल सरका कर चल दिया|
चोर-पुलिस मौसेरे भाई -- मुकेश जोशी.
वो चोर साइकिल सरका कर नहीं मेरे नीचे की जमीन सरकाकर चला गया था| गया साइकिल पे और लौटा पैदल.... फिर भी खाली हाथ... ज़ाहिर था पिताजी खुश तो होने से रहे..... उनकी नाराजगी मुझ पर ढेर सारे अलंकरणों और १०-५ डंडों के रूप में उतरी, और पुलिस थाने में जाकर रिपोर्ट लिखवाकर 'बाप को रोने' के फरमान के साथ|
सकपकाता-सकुचाता एक-दो थोड़े समझदार किस्म के दोस्तों को लेकर नजदीकी थाने पहुंचा तो खाकी वर्दी के डर के मारे खुद को ही चोर समझने लगा| उस जमाने में बाइक चोरी नहीं होती थी, या यूँ कहें बाइक इतनी होती ही नहीं थी, कि चोरों की हिम्मत इतनी बढ़ जाए| तब के चोर भी इतने 'सुविधाभोगी' न होकर साइकिल से ही अपनी रोजी-रोटी चला लिया करते थे, (तब 'धूम-२-३' भी नहीं आई थी)|
बहरहाल एक 'श्वेतकेशी' हवलदारजी को अपनी 'साइकिल-कथा- व्यथा' सुनाई तो उन्होंने भी मुंह लटका कर दीवानजी की तरफ जाने का इशारा कर दिया| अब मैं दीवानजी के सामने खडा था| पर दीवानजी रोजनामचे में ही मुंह गढाए बैठे किसी 'नामालूम लिपि' में इन्द्राज कर रहे थे| दो एक बार उनका ध्यान भंग करने की कोशिश की तो उन्होंने अपनी लाल-लाल आंखों से जो घूरा तो मेरा ध्यान भटक गया|
आखिर जब उनको तम्बाकू की 'तलब' लगी तब उन्होंने सिर उठाया और लगभग हडकाते बोले- "काहे सिर पर खड़े हो इतनी देर से, यहां तो मरने की फुरसत नहीं हेगी अबी."|
मैं गिडगिडाया- "साहब साइकिल कोई उठा कर ले गया है, और पिताजी बिना रिपोर्ट लिखाए घर में नहीं घुसने देंगे| मेहरबानी करके आप रिपोर्ट दर्ज कर लीजिये|"
अब दीवानजी समझाइश की मुद्रा में थे बोले- "भाई १०-१२ साइकिल रोज चोरी जाती हैं शहर में,अब का दिन भर तुमाई साइकिलही ढूंढते फिरें, हमें कछु काम नइ हे दूसरो”| मेरी आँखों में आंसू देखकर वे थोड़े पसीजे बोले- अच्छा टी आई साहब को आ जाने दो (टीआई तब भी थानों में नहीं मिलते थे) फिर लिख लेंगे रिपोट|
फरियाद लेकर गया था, अपराधी सा थाने में बैठा रहा घंटों तक तब जाकर भारी भरकम टी आई साहब प्रकट हुए| आते ही उन्होंने अपने मातहतों को हड़काया-घुडकाया और 'पुलिस प्रिय वचनामृत' पिलाए| सारे अलसाए स्टाफ में जैसे जोश आ गया और खटाखट सेल्यूट बजने लगे| दीवानजी ने मेरी तरफ हाथ करके बताया- 'जे मोड़ा की साइकिल कोऊ उठा ले गओ हे, रिपोट लिखने की के रओ हे|'
टी आई साहब प्रतिक्रियाहीन बने रहे फिर गुस्से से बोले- "अबे तेरी साइकिल गई है तो तू ही ढूंढ, हमको क्यों परेशान करता है, हम क्या तेरी साइकिल ढूँढने की नौकरी करते रहेंगे| चल बढ़ यहाँ से कोई रिपोर्ट नहीं लिखायगी यहाँ पे| अपने यार-दोस्तों से पूछ उन्होंने तेरे साथ मजाक तो नहीं किया और तेरा बाप क्या करता है बे| उसने तेरे को भेज दिया और क्यों रे तूने इ  तो साइकिल नी बेच दी, पैसे उड़ा के “यां पे रिपोट लिखाने आ ग्या?" टीआई साहब के एक ओवर में ६ छक्कों वाले  इस खतरनाक हमले से मैं अचकचाकर रह गया|”
ज़ाहिर था पुलिस मुझे ही चोर समझ रही थी| पुलिस से पहली बार ‘उस किशोर’ का विश्वास उठा|
     फिर जवानी में एक बड़े अखबार के दफ्तर में नौकरी के दौरान दफ्तर के बाहर से ही मेरा पुराना स्कूटर कोई उठा ले गया... मैं फिर पैदल| वक़्त बदला मैंने सोचा पुलिस भी बदली होगी ऊपर से मैं अखबार वाला| उसी हवाले से गया|
इस बार थोड़ी इज्ज़त से बात की पर पुलिस ने रिपोर्ट तब भी नहीं लिखी, “हम यूँ ही ढूंढ लायेंगे, चोट्टा जायगा कां मा . . . . .? कहकर टरका दिया गया| ८-१० दिन बाद भी स्कूटर नहीं मिला तो ब्यूरो प्रमुख ने सीधे पुलिस कप्तान को फ़ोन लगा दिया| अब रिपोर्ट लिखी गई, लेकिन टी आई ने मेरे लिए गाँठ बांध ली अब वो कोई भी क्राइम रिपोर्ट मुझे न देते हुए दूसरे अखबार वालों को ओबलाइज कर रहे थे| मैं पूछता तो बताते आपकी स्कूटर ढूंढ रहे हैं| न साइकिल मिली न स्कूटर|
एक बार भीड़ भरी बस में चढ़ गया मेरे पीछे एक बोहराजी भी चढ़े और एकाएक उनकी चिल्लाने की आवाज़ आई- 'मेरी जेब. . . . मेरी जेब कट गई|" बस अड्डे से बस चली ही थी रुक गई, जेबकट भी उनके पीछे ही था वहीँ धरा गया| बाहर ही पुलिस जवान भी मिल गया|  जेबकट को भीड़ ने उसके हवाले किया| मैं भीड़ में असहज महसूस कर रहा था इसलिए उतर गया|
बोहराजी को लम्बी यात्रा पर जाना था कंडक्टर ने उनसे पूछा- मुल्लाजी कित्ते पैसे गए हैं आप चल रहे हो या पुलिस के चक्कर में पड़ोगे? इसके बाद फिर बस नहीं मिलेगी आपको| मुल्लाजी बोले-"५ - ७ सौ ही गए होंगे... चलो तुम तो नी तो थाने वाले बचे खुचे भी छुड़ा लेंगे|" और मेरे सामने बीच चौराहे पर अलौकिक दृश्य था, जिसमे पुलिस वाला और जेबकट 'पांती' कर रहे थे|
अभी एन दिवाली के दिन भाई के घर ताला तोड़कर बड़ी चोरी हो गई, ऊपर से फ़ोन गया तो रिपोर्ट लिख ली| पुलिस ने तफ्तीश का अभिनय भी किया| फिर भाई से ही किसी पर शंका व्यक्त करने को कहा गया| जब ऊपर से दबाव डलवाया गया तो टी आई साहब 'भाई' से ही चोरों के नाम पूछने लगे (जबकि उन्हें सब पता होते हैं,  क्योंकि चोरों से ज्यादा पुलिस का कोई 'सगा' नहीं होता)|
पुलिस आज तक उस क्या किसी चोरी का सुराग नहीं लगा पाई|  इधर हमारे मोदीजी 'स्मार्ट पुलिसिंग' पर जोर दे रहे हैं, उन्हें शायद पता नहीं है, कि हिन्दुस्तानी पुलिस 'ओवर-स्मार्ट' है| बाकी मुल्कों की पुलिस को घटना के बाद पता चलता है, हमारी पुलिस को 'नक्की तौर' पर  घटना की पहले से जानकारी होती है| वरना क्या वजह है, कि न तो कभी चेन स्नेचर पकडे जाते हैं न बाइकचोर| छुटभैया चोर, उठाईगिरा, बदमाश  पुलिसजी की 'छत्रछाया' में  आगे चलकर नामी गिरामी सरगना बनता है, और कई सारे थानों का पेट पालता है| साफ़ है कि सारे अपराधी पुलिस का 'पालन' करते हैं और सारी पुलिस अपराधियों का 'पोषण'| अभी पास के महानगर की ख़बरें पढ़कर मेरा विश्वास 'अटल' हो गया कि पुलिस "गुंडों की, गुंडों के द्वारा और गुंडों (की भलाई) के लिए" ही बनाई गई है| महानगर में 'गुंडा पकड़ो अभियान' एक उत्सव के तहत मनाया जा रहा है| दादा-भैया करके थानों में इज्ज़त से लाया जा रहा है और फिर 'ससम्मान' घर तक छोड़ा भी जा रहा है| कभी कहावत होती थी "चोर-चोर मौसेरे भाई", प्रकारांतर से इसे अब "चोर-पुलिस मौसेरे भाई" कहा जा सकता है.... क्योंकि पुलिस बदमाशों से अब पक्का " भईयापा' निभाती देखी जा रही है|

- मुकेश जोशी, ८, मंगलम अपार्टमेंट, वेदनगर, उज्जैन  ४५६०१० ०९९२६३-००९७३


============================================
लेख विषयक प्रत्येक बात के लिए लेखक स्वयं उत्तर दाई है| संपादक. ============================================

कोई टिप्पणी नहीं: