ईश्वर : एक खोज . . . . . हे भगवन, ये जानकर बड़ी ही प्रसन्नता हुई कि अब आप भी 'आर टी आई' के घेरे में आ गए हैं -- मुकेश जोशी .

ईश्वर : एक खोज  -मुकेश जोशी

हे  भगवन, ये जानकर बड़ी ही प्रसन्नता हुई कि अब  आप भी 'आर टी आई' के घेरे में आ गए हैं आप पर भी 'सूचना का अधिकार' लागू  हो गया है, अब आपके बारे में भी जानकारी मांगी जा सकती है, आपको लेकर भी सवाल खड़े किये जा सकते हैं| अब आप भी क़ानून से बड़े और ऊपर नहीं हैं|

हे प्रभु, ज़माने से पीडित प्राणियों ने भले ही कातर स्वर में आपकी बनाई दुनिया (हम नहीं कहते ज़माना कहता है) को लेकर आपसे सवाल किये हों मसलन---
ईश्वर : एक खोज  -मुकेश जोशी
 प्रदीपजी ने ही पूछ लिया - "देख तेरे संसार की हालत क्या हो गई भगवान?
कितना बदल गया इन्सान?" पर उन्होंने भी आपके बनाये इस संसार और इंसानी फितरत को लेकर ही सवाल उठाये आप पर नहीं| फिर ये श्रद्धानंद कौन हैं जो आपके बारे में पूछताछ कर रहे हैं, आप क्या किसी क्षेत्र से जीतने के बाद 'नदारद' हो चुके जन-प्रतिनिधि (सांसद, विधायक या पार्षद) हैं, या कोई बैटरी चार्ज करवाने दो महीने तक अचानक गायब हो गए युवा नेता हैं, जो मीडिया और  जनता बड़ी बैचेनी से आपकी खोज में लगी हुई है|
 गनीमत है, महंत जी ने 'आरटीआई' के तहत ही आपकी 'विवरणी' मांगी वरना कोई इनकम टैक्स अधिकारी होता महंत जी की जगह तो आपसे' आयकर विवरणी बैंक खातों की डिटेल्स सहित' मांगता,---
 कोई फ़ूड ऑफिसर होता तो भगवन आपसे भी 'समग्र आईडी' 'आधार कार्ड' आपके पुराने गले-पले राशनकार्ड समेत मांगता---
और इतनी चप्पल रगड़वाता कि आप भी सब अपना 'वी आइ पी पना' भूलकर इधर पृथ्वीलोक में झांकते भी नहीं|
भगवन, ये भी अच्छा हुआ कि योगाचार्यजी ने आपके 'गुमशुदा की तलाश' वाले पोस्टर नहीं लगवाए असल में वे निकले तो आपकी तलाश में ही हैं पर लगता है, वे किसी सरकारी दफ्तर के एकदम 'अलाल' (या मक्कार) बाबू जैसे हैं| गर जो वे सच्चे संत-महंत होते तो उन्हें कहीं न कही किसी न किसी रूप में आपके 'दर्शन' तो हो ही जाते, क्योंकि यही संत-महंत- कथावाचक तो आपकी 'फ्रेंचाइजी' लेकर 'दुनिया को आपके' और 'आपको दुनिया भर के' दर्शन करवा रहे हैं, गाँव-गाँव शहर-शहर  इनका ये 'टूरिंग टाकीज' बारहों मास सफलतापूर्वक चलता रहता है फिर श्रद्धानंद को पता नहीं क्या उगी कि 'सरकार' से आपकी जानकारी मांगे|
और श्रद्धानंद तो श्रद्धानंद हमारी निठल्ले बाबुओं के भरोसे चलने वाली सरकारें काहिली में उनसे भी आगे निकल गई एकदम पुलिस थानों टाइप का रूटीन और पल्ला झाड़ने वाला जवाब, जब भी कोई घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाने थाने पहुँचता है, तो उसे सीधे टरका दिया जाता है- " जे वारदात हमारे थाने के कार्यक्षेत्र की नहीं है" ठीक वैसे ही श्रद्धानंद को सरकारी जवाब मिला- "मांगी गई जानकारी हमारे कार्यक्षेत्र के बाहर है"
हे भगवन, सरकारों की नज़र में आप भी किसी 'भाई' से कम नहीं है| एक दिन पहले आप जिस तरह अपने 'अस्तित्व' को लेकर ख़बरों में आये थे अगले दिन सरकार ने संसद में 'भाई' को लेकर भी वैसी ही 'अनभिज्ञता' ज़ाहिर की| वैसे भगवन है तो आप भी 'बड़े वाले भाई' हैं कि नहीं| वो तो 'छुपा हुआ भाई' है, पर आप तो 'उजागर भाई' हैं, जिसने भी आपसे टेढ़ी की आप उसका 'तत्काल' में 'आरक्षण' कर उठवा ही लेते हैं|
ऐसे ही आपके वहां मंगवा लिए गए एक ब्राह्मण ने वाट्सअप पर आपके वहां के हालात बताये- "ब्राह्मण स्वर्ग के 'दरवज्जे' पर नीचे के मंदिरों की ही तरह कतार में अपनी पारंपरिक वेशभूषा में खड़ा था लेकिन उसके 'अग्गे' एक छैला बाबू टाइप का लड़का लो वेस्ट जींस, भड़कीला शर्ट, गले में लाल रुमाल, काला चश्मा और महंगे जूते धारण कर खड़ा था| धर्मराजजी ने उस आवारा टाइप के लड़के को पहले बुलाया और पूछा तुम कौन हो…?
 लड़के ने लापरवाही भरा जवाब दिया- "प्राइवेट बस का ड्राईवर" इस पर धर्मराज ने उसे  'स्वर्ण दुशाला' भेंट करते हुए 'गोल्डन रूम' अलॉट कर दिया|
उसके बाद चुटैया, खड़ाऊ, सोला, यज्ञोपवीत धारी 'बम्मन महाराज' की बारी थी उनसे पूछा गया - " आप कौन हैं…?
पंडित जी बोले - "भगवन, मैं ब्राह्मण, पिछले ५० साल से लोगों को भगवान्, प्रभु, ईश्वर, नारायण और तमाम देवी देवताओं की जानकारी दे रहा हूँ|" 
वे अपने लिए अतिरिक्त उम्मीद लगाये खड़े थे मगर धर्मराज ने उन्हें निराश करते हुए मात्र सूती वस्त्र पकडाए और भीतर बरामदे (वहां की डोरमेट्री) में भेज दिया|
पंडितजी खफा और कुपित!
और कोई जगह होती तो वे दुर्वासा की तरह श्राप दे डालते पर यहाँ तो सीधे भगवान से ही मुखातिब थे फिर भी उन्होंने इतना तो कहा---
"बहुत बेइंसाफी है ये" आपके यहाँ भी पृथ्वीलोक जैसी ही न्याय व्यवस्था है, क्या प्रभु? " जिनको नरक में डालना चाहिए उसे आप गोल्डन रूम दे रहे हैं, और मुझ पवित्र आत्मा को डोरमेट्री?
धर्मराज ने पंडितजी को समझाया----
"विप्रवर क्रोध शांत कीजिये, आजकल नीचे का असर हमारे यहाँ भी हो गया है, सारे रिजल्ट परफोर्मन्स पर आधारित हैं| याद करो जब तुम हम देवी देवताओं के किस्से कहानी भक्तों को घेरकर सुनाया करते थे तो वे 'सो' जाते थे और वहीँ जब ये लुच्चा ड्राईवर अंधाधुंध स्पीड से बस भगाता था तो सारे यात्री सिर्फ मेरा ही नाम लिया करते थे….        तो वहां तो तुम अकेले मेरा नाम लेते थे जबकि इसकी बस के हर फेरे में यात्री 'भगवन्नाम स्मरण' के अलावा दूसरा कोई काम ही नहीं करते थे, तो ये गोल्डन रूम का सच्चा अधिकारी हुआ या नहीं. . ."
इसी तरह हम सभी श्रद्धानंद की तरह 'ईश्वर की खोज' में लगे रहते हैं, जबकि ईश्वर तो कहते हैं" मोको कहाँ ढूंढें रे बन्दे मैं तो तेरे पास में "हमें ईश्वर मिलें न मिलें मगर एक घनघोर शराबी को ईश्वर का पता मिल गया, रोज शाम की शराब की जुगाड़ में वह कभी मंदिर कभी मस्जिद, कभी गुरूद्वारे तो कभी चर्च के बाहर बैठा रहता कि कोई तो उस पर रहम कर उसकी 'प्यास' बुझाएगा लेकिन कोई नहीं पसीजता|
एक दिन वह 'सूखा कंठ' लिए भटकता हुआ 'कलाली' के बाहर ही गश खाकर गिर गया. . . . |
उसके गले का कपडा भी सड़क पर बिछसा गया| आस पास से गुजरते लोगों को उस पर दया आ गई, उसे भूखा, बीमार-दुखी समझ लोगों ने सिक्कों और नोटों की बौछार लगा दी| एक आसूदा पियक्कड़ तो ५०० का नोट भी पटक गया|
जब उसकी चेतना लौटी तो देखा उसके चारो तरफ पैसे बिखरे पड़े हैं| उसने समेटे और 'मयखाने' की तरफ चल पड़ा ये बुदबुदाता हुआ कि- "वाह रे भगवान् तू भी कमाल है, रहता कहाँ है और पता कहाँ का देता है"|

-मुकेश जोशी,
८, मंगलम अपार्टमेंट, वेद्नगर,
 उज्जैन ४५६०१०

०९९२६३-००९७३
============================================
लेख विषयक प्रत्येक बात के लिए लेखक स्वयं उत्तर दाई है| संपादक. ============================================

कोई टिप्पणी नहीं: