अ. भा. कालिदास समारोह के संस्थापक - स्व. प. सूर्यनारायण व्यास आलेख -मुकेश जोशी

अ. भा. कालिदास समारोह के संस्थापक - स्व. प. सूर्यनारायण व्यास,
 आलेख- मुकेश जोशी

भूतभावन भगवान् महाकालेश्वर की नगरी उज्जयिनी ----,

पुण्य सलिला क्षिप्रा नदी की नगरी उज्जयिनी ----,
योगेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण की विद्यास्थली  उज्जयिनी ----,                               
न्यायप्रिय सम्राट विक्रमादित्य की नगरी उज्जयिनी ----,
योगीराज भर्तहरि की नगरी उज्जयिनी ----,
भगवान् श्रीकृष्ण को १६ कलाओं में पारंगत करने वाले महर्षि सान्दीपनि की नगरी उज्जयिनी...
उन्ही महर्षि सान्दीपनि के वंश में इस कलिकाल में ही एक और प्रखर ज्योतिपुंज उत्पन्न हुए संसार भर को रात्रि की कालिमा से भोर में अपने उजास से प्रकाशित करने वाले भगवान् भुवन भास्कर सूर्यनारायण की तरह ही प्रखर तेजस्वी बालक ने जन्म लिया...
प्रकांड विद्वान् महर्षि नारायणजी व्यास के यहाँ -----
महर्षि नारायण जी स्वयं 'कालदृष्टा' थे .. उन्होंने इस बालक के ललाट पर व्याप्त
तेज को देखते हुए ही इनका नामकरण किया "सूर्यनारायण" यही बालक आगे चलकर प.सूर्यनारायण व्यास के रूप में उज्जयिनी के इस पावन धाम का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक गौरव बढाने वाला सिद्ध हुआ|
आज हम अ. भा. कालिदास समारोह के संस्थापक के रूप में स्व. प. व्यास का स्मरण कर रहे हैं| उन प. व्यास को जिन्होंने उज्जयिनी के गौरवशाली अतीत को पुनर्प्रतिष्ठित करने के लिए अपने जीवन का सर्वस्व अर्पित कर दिया|
प.व्यास ने न सिर्फ  भारत में वरन दुनिया के दूसरे देशों में भी जहां सिर्फ शेक्सपियर को ही नाट्य-शास्त्र का ज्ञाता माना जाता था वहां वहां तक पहुँचाया ...भारत के महाकवि  कालिदास को... उनकी विद्वत्ता को .. उनके नाट्य को ... उनकी कविता को ... और यह पंडितजी की असाधारण मेधा ही थी कि, उन्होंने महाकवि कालिदास को 'शेक्सपियर' के समकक्ष खड़ा कर दुनिया को दिखलाया ...|
यह पंडितजी का ही चमत्कार था कि उन्होंने अ. भा. कालिदास समारोह की कल्पना हमारे यहाँ के लिए तो की ही, पर सुदूर सोवियत रूस तक में कालिदास समारोह, - वहां की कम्युनिस्ट सरकारों से मनवा लिया|
 पंडितजी यही नहीं ठहरे उन्होंने 'महाकवि कालिदास' पर रूस में भी डाकटिकिट जारी करवा दिए...यह तो एक उदाहरण भर है कि पंडित व्यास अपने संकल्पों के प्रति कितने प्रबल-प्रतापी थे|
असल में कालिदास समारोह के अवसर पर इसके “संस्थापक पंडित सूर्यनारायण व्यास जी” का स्मरण समूचे राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना और सांस्कृतिक अनुष्ठानो का ही स्मरण है. यह उन पंडित व्यास जी को आदरांजलि है| जिन्होंने सम्राट विक्रमादित्य के शौर्य तथा महाकवि कालिदास की सौंदर्य कल्पना को युग की नई चेतना से संयोजित करने के लिए अपने जीवन को न्योछावर कर दिया|
पंडितजी महाकवि कालिदास के असाधारण साहित्य से परिचित करवाने और उन्हें प्रतिष्ठित ही नहीं महिमा-मंडित करने के लिए विश्व भर में घूमे और संसार को महाकवि की महान कृतियों से परिचित करवा कर ही चैन से बैठे... और पंडित जी चैन से भी कहां तथा कब बैठे... वे एक साथ कई-कई मोर्चों पर संघर्ष करते हुए अप्रतिहत योद्धा थे जो कभी अपने या अपने परिवार के लिए नहीं वरन अपनी धरा 'उज्जयिनी' अपने राष्ट्र भारत तथा कभी सम्राट विक्रमादित्य तो कभी महाकवि कालिदास को पुनर्प्रतिष्ठित करने के लिए जीवन भर संघर्षरत रहे| ऐसा नहीं है,  कि पंडित व्यास जी सिर्फ महाकवि कालिदास के लिए सरकारों से जूझे... वे देवभाषा संस्कृत, सनातन भारतीय संस्कृति, विश्व - इतिहास, पुरातत्व, साहित्य में कहानी, कविता, व्यंग्य, गद्य,  नाटक और सर्वोपरि ज्योतिष शास्त्र के प्रकांड विद्वान् थे|
इन सभी क्षेत्रों में उनकी जबरदस्त साधना और शोध प्रवृत्ति ने उनके सृजन को शीर्ष तक पहुँचाया उनके भीतर का अन्वेषक उन्हें कभी खाली बैठने ही नहीं देता था... इसी अन्वेषनात्मक प्रवृत्ति ने पंडित व्यास जी के भीतर एक प्रखर पत्रकार एक प्रतापी सम्पादक को भी प्रतिष्ठित कर रखा था..|
सुपरिचित विद्वान् डॉ. प्रभाकर श्रोत्रिय पंडित व्यासजी के बारे में बताते हैं- " व्यासजी का मूल्यांकन उर्ध्व रेखा में करना असंभव है उन्हें जान्ने के लिए व्यापक दृष्टिकोण रखना होगा क्योंकि उनके व्यक्तित्व की तरह उनका कृतित्व भी बहुआयामी है ...पंडित व्यास जी एक साथ एक ही समय पर प्रकांड ज्योतिर्विद, तत्वज्ञानी, इतिहास संशोधक, साहित्यकार, पत्रकार, कर्मठ समाजसेवी, उग्र क्रांतिकारी, हिमशीतल मनुष्य और इन सबसे ऊपर आत्मानुशासित इंसान थे|
प्रसिद्ध साहित्यकार श्री कन्हैयालाल मिश्र 'प्रभाकर' ने कहीं लिखा था—
"श्री सूर्यनारायण व्यास ज्ञान और कर्म, अकड और नम्रता, विद्वत्ता और साहित्यिकता का एक सलोना संगम है"|
जो लोग व्यासजी को मात्र ज्योतिषी समझते हैं, वे शायद ही यह जान पाते हों कि पंडितजी ने इतिहास और संस्कृति के अन्दर कितने गहरे जाकर कार्य किया है| नर्मदा की सारी उपत्यका में, मालवा की प्राचीन और प्रागैतिहासिक संस्कृति को खोजने के लिए कहां कहां दर-दर भटके हैं, यह पंडितजी की ही विराट उपलब्धि है, कि महाकवि कालिदास की कर्मस्थली इस उज्जयिनी का जो वर्तमान स्वरुप है, इसके मूल में भी पंडित व्यास जी का घनघोर त्याग और तपस्या छुपी हुई है|
सचमुच में यदि पंडितजी जैसा प्रकाश पुंज उज्जयिनी में न जन्मा होता तो यहाँ कोई महाकवि कालिदास का नामलेवा भी न होता ... यहाँ अ.भा. कालिदास समारोह मनाया जाना तो दूर की बात है ... उज्जयिनी में अभी जो कालिदास अकादेमी का विशाल भवन है, यह भी पंडितजी द्वारा बनाई गई संस्था 'अ. भा. कालिदास परिषद्' द्वारा एकत्रित धनराशि की बुनियाद पर ही खड़ा है...
कालिदास अकादेमी असल में पंडित व्यास जी की ही परिकल्पना थी| व्यासजी के अनथक प्रयासों से ही उज्जयिनी में 'विक्रम विश्वविद्यालय' की स्थापना संभव हो सकी, विक्रम कीर्ति मंदिर आकार ले सका, प्राच्य विद्या शोध संस्थान की स्थापना हुई. व्यासजी ने कालिदास, विक्रम या सान्दीपनी के नाम पर महज मंदिर, मठ या आश्रम नहीं बनवाए वरन शिक्षा, अनुसन्धान और कला सस्थान खुलवाये जो उस शहर के युवाओं के भविष्य निर्माता बन सकते थे|
हर नुक्कड़ चौराहे पर मंदिर धर्मालय और देवालय बनवाने वाले आज के धन्ना सेठों को पंडित व्यास के विराट और सह्रदय व्यक्तित्व से प्रेरणा लेनी चाहिए कि उन्होंने उस दौर में भी वो काम कर दिखाया जो आज बड़े बड़े नामी गिरामी जनप्रतिनिधि,नेता और आला अफसर भी मिलकर नहीं कर पाते ..यह पंडित व्यास जी का ही जलवा था कि दुनिया भर की हर क्षेत्र की मशहूर हस्तियाँ जिनमे प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, प्रथम प्रधानमंत्री प. जवाहरलाल नेहरु, डॉ राधाकृष्णन, जैसे विद्वान राजनेता ही नहीं डॉ,भगवत शरण उपाध्याय, सुनीतिकुमार चटर्जी, हिंदी साहित्य की जाज्वल्यमान नक्षत्र महादेवी वर्मा, आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी, विश्वनाथ प्रसाद मिश्र, फादर कामिल बुल्के प.ओंकारनाथ ठाकुर डॉ. सम्पूर्णानन्द, आचार्य नंददुलारे वाजपेयी, प्रो.बोशम, हिदेओ किमुरा, डॉ.शिव मंगल सिंह सुमन और प्रतिष्ठित अभिनेता पृथ्वीराज कपूर जैसे लोग न सिर्फ पंडित जी से प्रभावित थे वरन उनके इर्द गिर्द रहना पसंद करते थे|
महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस से भी उनका काफी 'पत्राचार' होता रहता था...और तो और तानाशाह हिटलर ने भी पंडितजी की ख्याति सुनी और उन्हें बुलवा भेजा...हिटलर तक भी पंडितजी से प्रभावित हुए बगैर नहीं रह सका|
पंडितजी के जीवन के तमाम आयामों को देखते जानते हुए ही प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ.करंदीकर ने लिखा था - "व्यासजी जीवित विश्वकोश हैं"|
पंडित व्यासजी का कद इतना ऊंचा होने के बावजूद उन्होंने अपने स्वाभिमान को सदैव सुरक्षित रखा एक जगह वे खुद लिखते हैं -"आत्मविशवास ही सदैव मेरा प्रेरक रहा है, संघर्ष-संकट में भी इसी ने सदैव साथ दिया है निस्वार्थ स्नेह मेरी बहुत बड़ी निधि रही, जब जो मिला बिना मांगे मिला, मिलने पर भी मैंने उसे स्वीकार किया जो अपनी आत्मा और सिद्धांत की कसौटी पर खरा उतरा हो, जिसे मेरे अंतर ने स्वीकार किया हो.. मैं विशेष रूप से राजा, महाराजा, रईसों, मंत्रियों से दूर रहने में ही सुख समझता हूँ, क्योंकि मेरी कोई आवश्यकता नहीं, महत्वाकांक्षा नहीं. इसका अर्थ यह कदापि नहीं की मैं भौतिक दृष्टि से संपन्न हूँ... मैं अभावों में भी आत्म परितोष मानता हूँ”|
इसीलिए पंडित सूर्य नारायण व्यास अकेले शोध, पत्रकारिता, क्रांति कर्म, साहित्यकार, लोक कल्याणकारी व्यक्तित्व या ज्योतिष के शलाका पुरुष हों .. किन्तु समग्र रूप में प. व्यासजी एक दुर्लभ और विशिष्ट व्यक्तित्व हुए... समन्वित भारतीय संस्कृति के महिमामाय प्रतीक... अ. भा. कालिदास समारोह के संस्थापक पंडित व्यास जी का स्मरण इस समारोह के अवसर पर नितांत जरूरी है... उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन..|
मुकेश जोशी
 ८, मंगलम अपार्टमेंट वेद्नगर उज्जैन ४५६०१०
फोन- ०९९२६३-००९७३

 ============================================
 लेख विषयक प्रत्येक बात के लिए लेखक स्वयं उत्तर दाई है| संपादक. ============================================

कोई टिप्पणी नहीं: