इधर आसमान मे मेघों का नर्तन प्रारम्भ हुआ नहीं कि 'उनका' मन-मयूर भी नर्तन करने लगता है...उनके 'कर' जो कमल कहलाते ही नहीं आमंत्रण पत्रों मे लिखे भी जाते हैं जबर्दस्त तरीके से कुलबुलाने लग जाते हैं इस
हरियाले मौसम का सर्वाधिक लाभ लेने के लिए । जी नहीं...वे किसान तो कतई नहीं है हालांकि किसानो ,खेती-बाड़ी वालों का मन-मयूर भी मेघाच्छादन को देख कर नर्तन तो करता है लेकिन मन ही मन ....वे अपने नृत्य को सार्वजनिक नहीं होने देते....किसानों की खुशी खेतों मे बीज बन कर बिखर जाती है। पर 'उनका' मयूर- मन जो है, नाचते-नाचते सड़क पर भी आ जाता है....और कमलनुमा 'कर ' जो हैं उनकी अकुलाहट और कुलबुलाहट शहर से छुपी नहीं रहती...हर बरसात मे सामने आ ही जाती है...नदी नालों के उफान की तरह...उनका बरसात भर एक ही मिशन रहता है...शहर को हरा-भरा बनाना है ...ज़ाहिर है जब 'उनके' करकमलों से "वृक्षारोपण" होगा तो शहर हरा-भरा होकर ही रहेगा न ...तो बादलों के आसमान मे सक्रिय होते ही धरती पर 'वे' सक्रिय हो जाते हैं ..जगह-जगह 'वृक्षारोपण'(पौधरोपण नहीं,ये उन्हे अच्छा नहीं लगता) के लिए । पहले से जगह 'चिन्हित' करने लगते हैं...स्कूल-कॉलेज'उनके' खास टारगेट होते हैं॥क्योंकि वहाँ परभारे ही दर्शक-श्रोता और कार्यकर्ता भी मिल जाते हैं जबकि बाकी जगहों पर इनका 'इंतजाम' जुटाना पड़ता है और फिर चाय-पानी भी ....फोटो-जर्नलिस्ट (फोटोग्राफर नहीं) को तो वे सारे सीज़न अपनी गाड़ी मे ही लेकर चलते हैं ....कब कहाँ 'वृक्षारोपण' करवा ले कोई उनसे ...क्या भरोसा ... ग्राहक और मौत का यूं भी कोई भरोसा तो होता नहीं ...और 'उनके' गुण के ग्राहक तो शहर मे गली गली मिल जाएँगे ..."ऐसे मे फिर फोटू वाले को कहाँ ढूँढने जाओ॥उसको साथ मे ही रक्खो तो अगले दिन अखबार मे ठीक से फोटू तो लग जावे के नी....नी अपने को अपना प्रचार नी करवाना भिया...वो तो आपकी दया से सारा शहर ही जानता-पिचानता हे ...अपन तो जो ये समाजसेवा कर रिये हेंगे ये सिरीफ़ शहर को हरा-भरा बनाए रखने के लिए ।" जबकि असलियत ये है कि 'वे' जो हैं सीज़नल समाजसेवी हैं ....बिलकुल सीज़नल धंधे वालों की तरह- कभी कुल्फी बेच ली तो कभी मूँगफली...कभी पतंग की दुकान लगा कर बैठ गए तो कभी राखी की....जिस तरह गर्मी के मौसम में वे धड़ाधड़ प्याऊ लगवाने लगते उसी तरह बरसात में पेड़ लगाए चले जाते हैं, वे मिट्टी-गारे मे हाथ भरते हैं तो सिर्फ इसीलिए कि 'उनकी' ये हरी भरी समाजसेवा अखबारों मे फोटू बनकर चमके....उन्हे यह भी पता नहीं होता कि कल उन्होने जो प्याऊ खुलवाई थी उसके मटके आज रीते तो नहीं हैं ...या आज जो 'पेड़' लगाया है वो किसी गौमाता या बकरी बहन के उदर मे तो नहीं पनप रहा है ,हालांकि उनके ही यार-दोस्त दबी जुबान से ये भी कहते सुने जाते हैं कि इन्हे पर्यावरण कि चिंता कबसे होने लगी ...शहर भर के आरा मशीन वाले तो इनके खास हैं , जंगल के ठेकेदार से इनकी खूब छनती है, परमिट वगैरह अटकते हैं तो ये ही तो 'काम' निकालते हैं ..तब समझ मे आता है कि जंगल मैदान,कॉलोनी, फोर लेन, खिड़की दरवाजे, खूबसूरत नक्काशीदार फर्नीचर क्यों होते जा रहे हैं ?क्यों अट्टालिकाओं के बाहर क्यारियों में या फिर गमलों मे जंगल उगाये जा रहे हैं? प्रकृति को छोटा करने की कोशिश मे इस बौने इंसान ने क्यों बरगद,पीपल, नीम जैसे घने व्रक्षों को 'बोन्साई' बना डाला है ? क्यों 'तुलसी' की महक की जगह इंसानी फितरत के कैक्टस ने 'बैठक' मे जगह बना ली है? क्यों हर साल 'वन-महोत्सवो' पर लाखो-करोड़ों खर्च होते हैं॥कैमरे की तरफ देखते हुए पौधे लगाने की कोशिश करते ऐसे कई महानुभावों की तस्वीरें खबरों के साथ छपती है...मगर पेड़ नहीं उगते....जंगल नहीं उगते ...वे तो दिनोदिन कटते-घटते ही जा रहे हैं ...ऐसे मे कवि 'अकेला' की पूरी शिद्दत से काही ये पंक्तियाँ याद आती हैं --
" ये करिश्मा वो जमाने को दिखाने आया/ वो हवाओं मे चरागों को जलाने आया/जिसने गत वर्ष कटाये थे सैकड़ों जंगल/ वो मेरे गाँव मे इक पेड़ लगाने आया ...
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें