चाँद पर बाग ....दिल बाग बाग .....

अमेरिकी सांसदों के चांद पर एक नेशनल पार्क बनाने के अति महत्वाकांक्षी प्रस्ताव की खबर सुनकर वाकई दिल बाग-बाग हो चला है .....मन तो अभी कर रहा है कि...".चलो दिलदार चलो ....चांद के पार चलो ...".या अपनी भी कोई प्रेमिका वगैरह हो तो गायें -
"आओ तुम्हें चांद पे ले जाएँ....इक 'नईदुनिया' बसाएँ.... " पर इस डर से नहीं गुनगुनाता हूँ कि कहीं इकलौती धरमपत्नी ने सुन लिया तो कालर पकड़ कर खींच लेगी  कि "चलो इधर, बिचारे वां चांद के बगीचे मे चले ...यां कभी हम बाल- बच्चों को धरती के बगीचे मे तो  कभी ले नहीं गए "और मैं इस धरती का एक निरीह पति वापस अपनी ही धरती के बाग- बगीचों की खोज मे लग जाता हूँ वास्को डि गामा की तरह ...पर मुझे यहाँ कहीं बाग- बगीचे नज़र ही नहीं आते .... उन अमेरिकियों को बार बार सलाम करने की इच्छा होती है जो चांद पर जा कर भी बाग-बगीचे लगाने का प्रस्ताव संसद मे पारित करने जा रहे हैं, अव्वल तो कभी ऐसा होगा ही नहीं, गरचे कभी हो भी गया कि हमारी संसद ने चांद पर बगीचा बनाने का कोई प्रपोज़ल रखा भी तो उसकी डीपीआर मे ही इतनी कमीशन खोरी हो जाएगी.कि...हमारे माननीयों को इसी धरती पर चांद के मजे आ जाएंगे....ये सारे दागी  यह भी कह सकते हैं "चांद मे तो दाग हैं फिर वहाँ बाग  की क्या जरूरत ..".माननीय अपने घोषणापत्र मे इसी देव भूमि को चांद जैसा बनाने का वादा भी कर सकते हैं ....जैसा कि वे सालों से करते आ रहे हैं अपने चुनाव क्षेत्र को स्वर्ग बनाने का , ये और बात है कि उनके इलाके आज नर्क से भी बदतर हैं ....अमेरिका वाले सांसद तो चांद पे बाग लगाने का स्वप्न साकार भी कर सकते हैं पर हमारे माननीय  हमको "हथेली पर ही चांद " दिखा सकते हैं ....और जब हथेली पर "चन्द्र-दर्शन" हो रहा हो तो आसमान की तरफ कोई क्यों पूरी गरदन ताने ?
मैं उस कोलंबस को भी सलाम करता हूँ जिसने अल्टिमेटली 'अमेरिका' को ढूंढ लिया अगर चांद पर बाग-बगीचे बनेंगे तो कोलंबस को  ही क्रेडिट जाएगा न ...कोलंबस अमेरिका न ढूँढता तो अमेरिकी क्या खाक चांद पर पहुँचते  और बाग लगाने की प्लानिंग करते? हाँ तो एक वो कोलंबस था जिसने पूरा अमेरिका ढूंढ निकाला और एक मैं हूँ जो आज तक अपने शहरनुमा कस्बे मे एक अदद आधा बगीचा भी नहीं ढूंढ पाया अपने बीबी-बच्चों के लिए, जब भी बच्चे (बीबी भी) कहीं घूमने फिरने की ज़िद करते हैं तो उठे और दो-एक मंदिरों की प्रदक्षिणा कर पुजारीजी को दक्षिणा प्रदान कर वापस घर को लौटना होता है, जाएँ तो जाएँ कहाँ ....इत्ते बड़े शहर मे ढंग-ढाँग का एक बगीचा भी नज़र नहीं आता जहां इंसान खुली सांस ले सके ....कस्बे की म्युंसिपलिटी कागजों पर जरूर बता देगी कि शहर मे सौ बगीचे हैं .....पर ये बाग बगीचे नहीं ....खुल्ले सुविधा घर है ....मनुष्यों के ही नहीं प्राणी मात्र के....कुछ मे चौहद्दी नहीं  तो कुछ मे दरवज्जो का ही अता पता नहीं है, बच्चों के खेल-कूद उपकरण तो नेताओं-अफसरों के बंगलों मे लग जाते हैं ...मेरा कस्बा तो इस मायने मे गौरवशाली है कि एक बगीचे मे बरसों पहले बच्चों की रेल लगने वाली थी, लगी भी...पर थोड़े ही दिन बाद गायब .... रेल की चोरी की रिपोर्ट लिखाई गई ॥बाद मे पता चला कि उद्यान महकमे के एक कर्मचारी ने पूरी ट्रेन के साथ ही बच्चों के सपने भी बेच डाले । ऐसे असाधारण प्रतिभावान कर्मचारी को अगर अमेरिका वाले चांद पर बगीचा लगाने की ज़िम्मेदारी सौपे तो भाई मेरा बाग तो ठीक चांद को ही बेच आए और अमेरिका वाले उसे ढूंढते ही रह जाएं ....कस्बे के सारे बाग बगीचों से जुड़े कर्मचारी वैसे ही हैं ...बगीचों मे बैठने के लिए सीट लगती तो है पर दूसरे ही दिन वहाँ नहीं रहती स्टैंड अलग पड़ा रहता है और सीट उसका साथ छोड़ देती है....एक न्यायप्रिय राजा के नाम की वाटिका भी थी कस्बे मे पर यहाँ  अब दिन भर अन्याय ही होता रहता है......"बेटी बचाओ" का जाप करने वाले हमारे कर्णधारजी कभी इस वाटिका मे भ्रमण पर आ जाएँ तो उन्हे दिन भर इस बगीचे मे बेटी बचाने के ही संदेश देना पड़ जाएँ...किसी बगीचे मे घांस / पौधे  या तो कर्मचारी चर गए या गाय भैंसे....कस्बे के बगीचों मे घनी छांव वाले पेड़ तो कभी हो ही नहीं सके...अफसरों के बंगलो मे लगे तो वहाँ भी चोर काट कर ले गए ....हमारे रहनुमा कभी इस तरह की सुखद और भली सी लगने वाली खबरे पड़ते भी हैं या नहीं कि एक वो देश है जो चांद पर  बगीचे लगाने जा रहा है और एक हम हैं जो अपने उपवनों  रखवाली भी ठीक से नहीं कर पा रहे...पर इनसे क्या उम्मीद करें जो हमारे 'लोकतन्त्र' के उपवन को ही उजाड़ने मे लगे हुए हैं ....

कोई टिप्पणी नहीं: