स्वर्ग में भी देवताओं को गुदगुदा रहे होंगे पंडित ओम व्यास

8 जुलाई 2009  की वो काली रात जब भीषण दुर्घटना मे गंभीर रूप से ज़ख्मी देश के जाने माने कवि पंडित ओम व्यास 'ओम' मौत से चल रही जंग मे धीरे धीरे जीत की तरफ बढ़ रहे थे ... उम्मीदों से भरे परिजनों को ही नहीं चिकित्सकों तक को लगने  लगा था कि ओमजी वापस लौट आएंगे तब यमदूत दबे पाँव आए और चुपके से उन्हे ले गए अपने साथ और छोड़ गए हजारों  अपनों  तथा चाहने वालों की बड़ी फौज को सिर्फ विलाप करते हुए ....

अब तो चार बरस हो गए ओमजी को हमसे दूर हुए पर लगता नहीं कि वे इस असार-संसार  मे नहीं हैं ॥हर पल यही लगता है वे यहीं कहीं हैं हमारे आस-पास। दरअसल ओमजी का आभा-मण्डल या प्रभा-मण्डल ही कुछ ऐसा था कि उनके हर चाहने वाले को उनसे अपनी नजदीकी ही महसूस होती थी। भले ही वे जीवन- मरण के तमाम बंधन तोड़कर दूसरी दुनिया मे जा बसे हों और वहाँ भी स्वर्गस्थ देवी-देवताओं, दूतों-अप्सराओं को अपनी लच्छेदार बातों से गुदगुदा रहे हों ....आखिर देवी -देवताओं को भी तो हास्य-विनोद पसंद ही होगा न । और वहीं से हम धरतीवासियों के मज़े ले रहे होंगे ...
.ओमजी का और मेरा साथ तब का था जब हम दोनों ही मनुष्य या इंसान थे (कवि/साहित्यकार नहीं )। उमर मे मैं बराबर सवा महीने बड़ा॥मैं 5 अक्टोबर का ॥ओमजी 25 नवंबर के। दोनों को ही लिखने -पढ़ने का कीड़ा कच्ची उमर से काटने लगा था जिसने ओमजी मे डायनासोर का रूप धर लिया....मैं तो कलम पकड़े ही रह गया और उन्होने माइक थाम लिया एक बार उन्होने जो माइक थामा तो फिर वे कहीं  रूके ही नहीं ....माइक ने उनको साध लिया ...और ऐसा साधा कि माइक उन्हे पाकर धन्य हो जाता...श्रोता तो उन्हे देख कर ही गद-गद और गुद-गुद हो जाते लेकिन माइक को भी जब वे आते तो ही मज़ा आता ....देखते ही देखते ओमजी पहले कवि,फिर बड़े कवि और फिर बड़े अंतर्राष्ट्रीय कवि बन गए ...साथ साथ रहते और अपने साथ घंटों फालतू ही घूमने फिरने वाले एक मसखरे ने कब हास्य कवि के रूप मे 'वामन' से 'विराट' रूप धर लिया, ये हम आस-पास के लोग समझ ही नहीं सके। अपने आस पास के लोगों से ओमजी इतने सामान्य और सहज रहते थे कि किसी को उनके 'असाधारण कद' का पता ही नहीं चल पाता था। दरअसल ओमजी ने अपने व्यक्तित्व को जबर्दस्त 'मेनरिज़्म' से असाधारण बना लिया था । अपने बहुआयामी बर्ताव से वे 'मंच' से ही नहीं नुक्कड़ चौराहों पर भी  लोगों का दिल जीतते देखे जा सकते थे । शायद यही वजह रही होगी कि वे हर बड़े कवि सम्मेलन की पहली आवश्यकता बन गए थे। और हर मंच को लूटने वाले भी ....उनकी अपार ख्याति से उनके ही संगी साथियो को बड़ा कष्ट होता था....लगातार बाहर घूमने फिरने के बाद भी जब वे उज्जैन मे होते तो जहां खड़े होते वहीं 'मजमा' लगा लेते। नुक्कड़ चौराहों पर मजमा लगाना उनकी पुरानी और खास अदा थी। लोगों को उनके बतरस मे ही मज़ा आता था ...कई बार तो यह भी लगता था कि श्रोताओं को उनकी कविताओं से ज्यादा उनकी बातचीत मे आनंद आ रहा है ॥ओमजी की शख्सियत ही ऐसी थी कि कोई उन्हे आसानी से  टाल नहीं सकता था । राह चलते अंजान/अपरिचितों तक से छेड़छाड़ करते चलना उनका खास शगल था, और लोग भी उनकी इस हल्की-फुलकी(कई बार भारी भी) छेड़ खानी का बुरा न मानते हुए ही ...ही.... कर या खिसिया कर चल देते थे। वे सब लोग हास्य के नैसर्गिक आनंद से महरूम हो गए हैं ओमजी की भौतिक अनुपस्थिति से। दुनिया वैसी ही चल रही है अपनी ही रफ्तार से पर ओमजी के न होने से उनके प्रिय नुक्कड़/ चौराहे अब भी उदास और वीरान हैं। ओमजी को ओटलेबाजी और पोटलेबाज़ी का बचपन से ही शौक रहा। ओटलों पर बैठकर उनके द्वारा दिये जाने वाले पोटले एक तरफ यार दोस्तों को आनंदित करते थे तो दूसरी तरफ खुद उनमे अतिरिक्त आत्मविश्वास भी पैदा करते थे । उनके 'आब्जर्वेशन' और इनसे बनाए रूपकों ने उन्हे बतरस का बादशाह बना दिया था। बतरस स ही वे लोगों को पेट पकड़ पकड़ कर हंसवाते थे और बात खत्म होने तक वे एक शिक्षक, समाज-सुधारक, उपदेशक की मुद्रा मे आ जाते थे। " माँ तथा पिता" कविताओं से वे श्रोताओं को हमेशा झकझोरते रहे। लेखन के बाद मुझे पत्रकारिता की दुनिया मे धकेलने के लिए वे ही जिम्मेदार हैं। मैंने जितनी भी पत्रकारिता की ओमजी उसके मूल मे रहे ...बेहद परोपकारी ,राह चलते गरीबों की मदद के लिए आतुर पंडित ओम व्यास की दयानतदारी के कई किस्से हैं पर वे खुद भी इन्हे कभी बताते नहीं थे ॥कोई साथ वाला जरूर बता देता ...ओमजी नेसिर्फ हास्य ही रचा हो ऐसा नहीं है ॥उन्होने गंभीर दिल को छूने वाली कविताए भी खूब लिखीं और इस कविताओं के संकलन- सम्पादन का काम मुझे सौंप गए ...उन अच्छी कविताओं का संग्रह "सुनो, नहीं तो पढ़ो " भी बड़े कलात्मक रूप मे बाज़ार मे आया था । ओमजी के साथ बिताए तीस बरसों के कई संस्मरण हैं यूं तो ।  हमने कई आनंददायी  पारिवारिक यात्राए भी साथ की ...उन सभी यादों को सिर्फ दिल मे ही रखा जा सकता है। 
ओमजी मेरे सिर्फ मित्र ही नहीं रिश्तेदार भी थे॥लिहाजा समाज मे भी काफी मिलना जुलना होता था कहीं जाना होता तो साथ ही जाते थे ....वे टेलीफ़ोन एक्सचेंज मे 197 की ड्यूटि पर होते और रात मे उनकी ड्यूटि होती तो कई बार फोन कर के पूछते कि -"कइ , काकी साब यां हे के बाहर ...काकी साब यां नी हो  तो अई जाव, यइ खाटला पे सोई जाजो, सबेरे पोया- चाय करिके निकली चलांगा" । उनका आमंत्रण- निमंत्रण अधिकार पूर्वक होता था । हम दोनों मुफ़लिसी और श्वेत-श्याम दिनों के साथी रहे । मुझे उनकी पुरानी मोपेड़, स्कूटर, पुरानी मारुति वेन सभी को धक्का देने का सौभाग्य मिला।  काश ऊपर वाला उनकी 'जिंदगी की गाड़ी" को भी धक्का देने का अवसर दे देता ..... ओमजी को कभी नहीं भूल पाएंगे उनके चाहने वाले ॥हमारे दिलों मे सदा ज़िंदा रहेगा वो हरदिल अज़ीज़ इंसान ...वो कवि ...

कोई टिप्पणी नहीं: