चुनावी नक्कारखाने मे मतदाता की तूती- मुकेश जोशी!


चुनावी नक्कारखाने मे मतदाता की तूती- मुकेश जोशी!
लोकसभा चुनाव के तीन चरण पूर्ण हो चुके हैं और अभी तक का मतदान प्रतिशत लगभग 60% से ज्यादा ही रहा है, इससे यह प्रतीत होता है जैसे मतदाता जाग गया है, लेकिन असल मे ऐसा है नहीं। चुनाव पहले भी हुआ करते थे, लेकिन महज रस्मी। जागे हुए लोग तब बगैर शोरगुल के वोट डाल आते थे, उन्हे पता भी होता था, कि अगर उन्होने वोट न भी डाला तो सरकार तो बन ही जाएगी तब कम मतदान प्रतिशत के बावजूद सालों साल कई चुनावों तक अकेली कांग्रेस ही देश पर राज करती रही।
कांग्रेस के नेताओं को ये लगने लगा था  कि ये मुल्क तो स्वाभाविक रूप से उनका ही है, इसी चक्कर मे इन्दिरा गांधी 75 में 'आपातकाल' लगा बैठी, नतीजा 77 मे लोकनायक जयप्रकाश नारायण से एक जबर्दस्त जन आंदोलन के जरिये संयुक्त विपक्ष
की सरकार मोरारजी देसाई के नेतृत्व मे  बनवा दी तब इन्दिरा गांधी और उनकी कांग्रेस का यह भ्रम पहली बार दूर हुआ था, कि देश मे कांग्रेस के अलावा भी सरकार बन सकती है, पर कांग्रेस की कुटिल चालों ने जाट नेता  चरणसिंह मे प्रधानमंत्री बनने की लालसा पैदा कर दी, लिहाजा देश भर से खारिज कर दी गई| इन्दिरा गांधी फिर सत्तासीन हो गईं, मगर अगले चुनाव के पहले ही उनकी हत्या हो गई उनके बेटे राजीव की ताजपोशी एकदम दरबारी अंदाज़ मे कर दी गई।
दूसरी बार भ्रम उनके बेटे राजीव गांधी का दूर हुआ जब वे 400 से ज्यादा सीटें जीतने के बाद भी ठीक अगला चुनाव भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हार गए और उनकी सरकार उनके ही एक वजीर वी पी सिंह ने बेदखल करवा  दी इस बार राजीव ने चरणसिंह की जगह चन्द्रशेखर को पीएम बनवा दिया, चन्द्रशेखर के ही प्रधानमंत्रित्व काल मे राजीव गांधी की भी हत्या हो गई।
अगले ही चुनावों मे फिर कांग्रेस की सरकार बनी पर  इस बार गांधी परिवार के बगैर, एक लगभग रिटायर्ड कर दिये गए बुजुर्ग नेता, नरसिम्हाराव को प्रधानमंत्री बनाया गया। कांग्रेस अल्पमत मे थी बावजूद इसके श्री राव ने बिना शोरगुल हो-हल्ले के 5 साल सरकार आराम से चलाई अपने सारे तत्कालीन प्रतिद्वंदियों और दुश्मनों को एक-एक कर निपटाने के साथ ही। हमारे अभी के 10 साल के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह उन्ही श्री राव की ही देन हैं जैसे श्री राव ने 5 साल परम शांति मे निकाले|
 बाबरी ध्वंस के बावजूद, उसी परंपरा को मनमोहनसिंह ने बगैर बोले पूरे 10 साल चलाया। लेकिन गैर कांग्रेसवाद की जो नीव जयप्रकाश नारायण ने डाली थी, उसके निर्वहन मे  दिल्ली की कुर्सी पर तीन बार अटलबिहारी वाजपेयी, एचडी देवेगौड़ा, इंद्रकुमार गुजराल जैसे वरिष्ठ नेता अलबत्ता जरूर विराजित होते रहे, इनमे एकमात्र अटलबिहारी ही ऐसे गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री रहे जिन्होने पूरे 5 साल तक तीन-तीन 'महास्त्रियों' माया-ममता-जया से किला लड़ाते हुए अपनी सरकार चलाई और वे अगली बार भी भाजपा को जिता ले जाते अगर इसके लालकृष्ण आडवाणी, प्रमोद महाजन टाइप के  कुछ  नेताओं की महत्वाकांक्षाएँ ज़ोर न मारती और वे निर्धारित तिथि से 6 महीने पहले चुनाव न करवाते। 2004 मे भाजपा और कांग्रेस को मिले कुल मतों का अंतर 1 % से भी कम था, लेकिन कांग्रेस इस पर भाजपा से कुल जमा 7 सीटें ज्यादा जीतीं मगर जोड़-तोड़  और फूट डालो-राज करो की नीति मे माहिर कांग्रेसियों ने लालू-मुलायम जैसे घोर अवसरवादियों के सहारे सरकार बनवा ली। तब से आज तक मनमोहन सिंह ही प्रधानमंत्री हैं, चाहे उन्हे कभी उनके ही सलाहकार रहे संजय बारू 'रबर स्टम्प'' कहें।
दरअसल 2009 मे मतदाताओं के सामने एक सीधे-साधे  मनमोहनसिंह थे, और सामने लगभग भाजपा का खाली मैदान था जहां जाकर  मतदाता उतना आश्वस्त नज़र नहीं आ रहा था इसलिए उन्होने कांग्रेस को पिछली बार से ज्यादा बहुमत दे दिया लेकिन इतना भी नहीं कि कांग्रेस अपने अंदाज़ मे निरंकुश हो जाये, बनी इस बार भी साझा सरकार ही लेकिन कम्युनिस्टों के बगैर जो मनमोहन की पिछली सरकार की ताकत थे। मझधार  में करुणानिधि  और  'ममता' की तृणमूल भी छोड़ गई पर इस बार भी मुलायम और माया दोनों सरकार को सीबीआई के खौफ  से ही सही कंधा देते रहे।इन कंधों के सहारे कांग्रेसनीत सरकार ने जो 'महाघोटाले' पिछले 10 साल मे सम्पन्न किए अब उनका जवाब देने का वक़्त आ गया है, अब सचमुच जनता ही नहीं मतदाता भी जाग चुका है, इसका सबसे बड़ा सबूत दिल्ली की सर्वशक्तिमान मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की उनकी कांग्रेस सहित करारी हार है। ये और बात है कि कांग्रेस ने यहाँ फिर अपनी कुटिलाइ दिखाते हुए खुद को मिली  सिर्फ  8 सीट को ही सत्ता के लालची केजरीवाल को समर्थन देकर अपनी जीत मे बदल डाला। और केजरीवाल का हश्र भी चरणसिंह-चन्द्रशेखर जैसा कर दिया। ये बात जब आम आदमी  समझ रहा था, कि ऐसा ही होगा 'केजरी' के साथ तो 'आंम आदमी पार्टी' क्यों नहीं समझ पायी, ये खोज का विषय है। 
बहरहाल  अब 2014 मे हालात बदले हुए है। हालात इस कदर  बदले हुए हैं कि आज देश का नेता-देश का प्रधानमंत्री पूरी तरह मौन है, वो प्रधानमंत्री जो कभी जनता के वोट से चुनाव नहीं जीता लेकिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतन्त्र पर 10 साल तक राज करता रहा, जिसके जनता से या आम आदमी की समस्याओं,परेशानियों,दुश्वारियों से कभी कोई सीधे सरोकार ही नहीं रहा, जिसने 10 साल मे देश की जनता से कभी सीधे कोई संवाद ही नहीं किया। 5 साल देश का वित्त मंत्री और 10 साल प्रधानमंत्री रहने पर भी जो इस गरीब देश की जनता की नब्ज़ नहीं थाम सके, जिसे देश मे व्याप्त जबर्दस्त महंगाई और अपनी नाक के नीचे हो रहे महाघोटालों का भी भान न हो और जो खुद को सर्टिफिकेट दे ले,- 'आई एम नॉट कल्प्रिट'।
ऐसे नेता से देश आगे क्या उम्मीद रखे।कई बार तो ये लगता है कि हमारा वोटर बहुत ही भोला है हमारे प्रधानमंत्री से भी ज्यादा। दुनिया के किस लोकतन्त्र मे संभव है कि 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे और अब भी उसी कुर्सी पर विराजित  नेता को उसकी ही पार्टी के नेता चुनावी भाषण तक से रोक रहे हों, पर दुर्भाग्य से यही हो रहा है। उस पार्टी के अधेड़ युवा नेता ने अघोषित रूप से कमान जरूर  संभाल ली है मगर इतिहास-वर्तमान और भविष्य बोध के बगैर। इन दोनों माँ-बेटों को जितना लिखकर दे दिया जाता है ताव-ताव मे उतना बोल आते हैं, इनके आस पास के लोग कभी इन्हे ये तो बताएं कि देश की सबसे बड़ी समस्या 'नरेंद्र मोदी' नहीं हैं, आज जनता भीषण महंगाई और चारो तरफ व्याप्त घनघोर भ्रष्टाचार की समस्या से पीड़ित है मगर दोनों ही इस मुद्दे पर कहीं भी एक शब्द नहीं बोल रहे।हमसे जानकारी मांगो हमने सूचना का अधिकार दे दियाहै। कंट्रोल पर राशन भले ही न मिलता हो, हमने खाद्य सुरक्षा कानून दे दिया। राहुल बाबा, आपके दिये हुए क़ानूनों की बूकलेट्स को जलाकर एक वक़्त की रोटी भी नहीं बनाई जा सकती। देश आपकी सोच,आपके जोश को जानना चाहता है पर आपका जोश तो रात दिन मोदी को कोसने मे ही ठंडा हो जाता है और सोच का तो अता-पता ही नहीं है,आपको अब  कलावती  याद आती है या नहीं।राहुल तुम ही तो थे न कि हम भ्रष्टाचारियों से दूर रहेंगे फिर बिहार के चाराकांड मे कई बार जेल जा चुके लालू से आपका गठजोड़ क्या कहता है।
2014 के अभी तक के सारे सर्वेक्षण देश भर मे घूम-घूम कर भाजपा का अलख जगा रहे नरेंद्र मोदी के पक्ष मे हवा का बहना बता रहे हैं पर इन सर्वेक्षणों की कई बार हवा भी निकलती देखी  गई है, इसलिए उत्साहित भाजपायियों को सर्वे के परिणामों के मुगालते मे नहीं रहना चाहिए। अति आत्मविश्वास अटलजी जैसे परिपक्व महानायक को गच्चा दे सकता है तो मोदी तो काफी कच्चे हैं और उनकी ही भाजपा मे कई नेता नहीं चाहते कि मोदी प्रधानमंत्री बनें इसलिए कहने वाले कहते भी हैं कि उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश मे बीजेपी ने कई ऐसे कमजोर उम्मीदवार उतारे हैं जो मोदी के रथ को आसानी से रोक लेंगे, बीजेपी मे ही जो 160 क्लब बना है उसका भी मिशन यही बताया जा रहा है, मतलब मतदाता फिर ठगाया जाएगा क्योंकि ऐसे मे सरकार यकीनन बलात्कार के घोर समर्थक मुलायम के नेतृत्व वाले तीसरे मोर्चे को जाने के पूरे अवसर रहेंगे, यानि घूम फिर कर उसी कांग्रेस के समर्थन से बनने वाली सरकार जिससे देश आजिज़ आ चुका है। मतदाता उस मीडिया मैनेजर केजरीवाल से क्या उम्मीद रखे जो मुख्यमंत्री की कुर्सी  पर बैठते ही प्रधानमंत्री की कुर्सी के ख्वाब देखने लग जाये और सिर्फ ख्वाब ही नहीं देखे ताल भी ठोक दे। दरअसल मीडिया के बनाए इस हीरो को लोगों ने सिर्फ इसलिए सिर आंखों पर बैठाया था कि ये अण्णा की अगुवाई मे कांग्रेस के भ्रष्टाचारों के खिलाफ संघर्ष का बिगुल लेकर उतरे थे। अपने बच्चों की कसम खाने के बावजूद जब केजरीवाल ने कांग्रेस से समर्थन लेकर सरकार बना ली तभी से जनता इन्हे समझ गई कि ये कांग्रेस की ही अवैध संतान है तभी तो आज वाराणसी मे इन्हे बाहुबली गुंडे मुख्तार अंसारी से समर्थन लेने मे कोई परहेज नहीं हो रहा। कहाँ गए केजरीवाल के उच्च विचार,आदर्श सब अण्णा के पास ही रह गए क्या। मतदाता ये तो पूछेगा ही न ....|
शरद पवार, ममता बनर्जी, नवीन पटनायक, जयललिता, मुलायमसिंह, नीतीश कुमार, मायावती ये सब अपनी 10-15 सीटों के सहारे ही इस महामुल्क के प्रधानमंत्री बनने के सपने पाले हुए हैं.... जैसे भी हो, कैसे भी हो एक बार बस एक बार चान्स मिल जाये बस इसके लिए सारे के सारे दल सांप्रदायिकता का बेसुरा राग अलाप रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे तो इन नेताओं के लिए जैसे फालतू बात ही है। उस पर आज़म खां जैसे बद् दिमाग नेता सेना मे भी सांप्रदायिकता घुसेड़ने की कोशिश करते हैं मगर केंद्र सरकार की तरफ से इसका खंडन र्तक किया जा रहा ।
 इन सारे सत्तलोलुप दलों को देश की  करोड़ों अभावग्रस्त आम जनता के सामने खड़े गरीबी, भुखमरी, बेकारी, महंगाई भ्रष्टाचार गांवों से लगाकर महानगरों तक पसरा गुंडावाद और इससे असुरक्षित आम आदमी की कोई भी पार्टी या कोई भी नेता बात ही नहीं कर रहा। सबसे दुखद बात यह है कि असली मतदाता के मन मे सुलगते इन सवालों को हमारे लोकतन्त्र का चौथा स्तम्भ मीडिया भी कतई तवज्जो नहीं दे रहा....
चैनल हो या प्रिंट मीडिया सिर्फ और सिर्फ मोदी का ही भय बेच रहे हैं जो जाने अंजाने मोदी की मदद ही कर रहा है। 
ज़ाहिर है गफलत मे पड़ा  मतदाता  एक बार फिर चौराहे पर ही खड़ा है कि वो कौनसी राह पकड़े जिससे देश बच जाये और इस चुनावी नक्कारखाने मे उस बेचारे की तूती सी आवाज़ पहुँच सके तमाम ज़िंदाबादी नारों और जयघोषों के बीच। 

मुकेश जोशी,
8, मंगलम अपार्टमेंट, 
वेदनगर, उज्जैन 456010 ,
099263-00973 


कोई टिप्पणी नहीं: