फेस बुक पर बर्थ डे –मुकेश जोशी |

फेस बुक पर बर्थ डे –मुकेश जोशी |
[नईदुनिया ६ नवम्बर १५ में प्रकाशित] 

जब से ये मुआ फेसबुक आया है जिंदगी बस फेसबुक ही बन कर रह गई है| अभी जकरबर्ग दिल्ली आये थे उनसे 'कैंडी कृष सागा' से आतंकित फेसबुकियों ने इस महामर्ज को हटाने की मांग

तो की पर मार्क ने कोई रिमार्क तक नहीं किया इस 'खतरनाक बीमारी' पर| अगर कभी जकरबर्ग इधर हमारे गांव-खेड़ों तरफ भी आते तो खाकसार उनसे ये तो पूछ ही लेता कि महाराज आपने नई पीढ़ी के हाथ में ये कौन सा झुनझुना पकड़ा दिया जिससे सारी दुनिया ही इस 'चेहरे की किताब' (फेसबुक) में घुसी नज़र आ रही है| जमाने भर की तमाम खुशियां- दुःख, चिन्ताएं,विचार, घटना-दुर्घटनाएं, सम्मान (जिन्हें पाकर लेखक-कलाकार आज अपमानित महसूस कर रहे हैं) अपमान (जिन लेखक-कलाकारों को तमाम योग्यताएं रखने के बावजूद सरकारी सम्मान नहीं मिल सके) सब कुछ फेसबुक पर हाज़िर है बस एक क्लिक पर|

वे तमाम अप्रकाशित-अप्रसारित रचनायें(गीत, ग़ज़ल, शायरी, तुकान्त-अतुकान्त ही नहीं एकदम बेतुकी कवितायेँ यहाँ तक कि उनकी सृजन (?) प्रक्रिया तक 'ज़ाहिर सूचना' की तरह इस २४x७ खबरिया चेनल पर आ जाती है|        इस सबमे ख़ास बात ये है कि ज़माने में कुछ भी हो रहा हो| सीरिया पर रूस हमला करे या अमरीका, बिहार में मोदी, लालू, नीतीश की कुश्तम पछाड़ चाहे तीन चार दुकानदार टाइप के चेनलों की सुर्खियाँ बनती हों, ये हम फेसबुकियों की उतनी बड़ी चिंता तो नहीं होती जितनी किसी लड़की को छींक आ जाने पर 'फीलिंग सेड' लिखने भर से चिन्ताएं मिल जाती है| हर कोई 'फेस' के सामने तो चितित हो ही जाता है( मन में भले 'मेंढकी को जुकाम' वाला जुमला चल रहा हों) चाहे घर में माँ बाप बीमार पड़े हों|
 बहरहाल बात जन्मदिन से शुरू हुई थी और वो भी फेसबुक पर| तो भैया आजकल सिर्फ जन्मदिन ही फेसबुक पर नहीं मन रहे, बच्चों का 'जन्म' तक फेसबुक पर होने लगा है| बच्चा धरती पर उतरते ही पहली सांस बाद में लेता होगा मगर उसकी पहली फोटो फेसबुक पर उससे पहले 'जनहित में जारी' कर दी जाती है, जैसे ये बच्चा फेसबुक के सौजन्य से प्रकट हुआ हो| होंगे वे 'जमाने और' जब 'नवजात' को 'जमाने की नज़रों' से बचा कर महीनों रखा जाता था और तो और उस नवजात के पिता तक को अपने बच्चे का मुंह नहीं देखने दिया जाता था| जमाने की काली नज़रों से बचाने के लिए बच्चे की नानी दादी बुआ-मौसी यहाँ तक कि दाई मां भी उस शिशु को काजल-टीकी करके रखती थी| और बच्चा जराक रोया नहीं कि उनकी 'लूण-मिर्ची' चालू हो जाती थी| 'नजरई ग्यो नानो' के 'स्थायी स्वर' के साथ'| सिजेरियन के इस घनघोर व्यावसायिक दौर में कहां अनपढ़
नानी-दादी को डॉक्टर के पास ले जाएं लिहाजा पति-पत्नी ही बच्चे का 'प्राकट्य उत्सव' करवा लेते हैं फेसबुक पर उसकी 'नवजात छवि' डाल कर| अब उस ताज़ा-ताज़ा बच्चे में यार दोस्त,रिश्तेदार मम्मी या पापा की छवि ढूँढने लगते हैं| एक कमेन्ट आता है पापा पे गया है तो दूसरा मम्मीवादी कहता है- नो मम्मी पर| मिठाइयों की डिमाण्ड और सप्लाई सब कुछ फेसबुक पर ही सम्पन्न हो जाता है| तो जब नए नवेले बच्चे का जन्म ही फेसबुक पर होने लगा तो बड़ों के जन्मदिन तो फेसबुक पर ज़ाहिर है मनेंगे ही|
अभी इसी महीने ही खाकसार भी 'तिरपन' का पूरा होकर 'तर्पण' की तरफ बढ़ चला है यकीन मानिए इन तिरपन सालों में 'आधी सदी' तो बगैर जन्मदिन के ही निबट गई| तीन दिन पहले पैदा हुआ होता तो 'बापू' के साथ या छह दिन बाद पैदा होता तो 'बिग बी' के साथ अपना भी
जनमदिन मन जाता मगर हाय री किस्मत| न इधर हुए न उधर| जन्मदिन होने का पता तो तब चला जब खाकसार इस 'फेसबुक' पर तीन साल पहले 'अवतरित' हुआ| पिछले ५० सालों में बमुश्किल ५० बधाइयां ही मिली होंगी वे भी माता-पिता के शुभाशीष स्वरुप में मगर फेसबुक पर 'प्राकट्य' के इन तीन सालों में तो बधाइयों के मीलों लम्बे 'तांते' ही लग गए| जाने कहां से और और न जाने कौन कौन बधाई-शुभकामनायें देने पर आमादा हैं खुद मुझे भी नहीं पता| उस अभागे फेसबुक विहीन 'अर्धशतक' तक मैं खुद को 'निरा बुद्धू और ढब्बू' ही समझता रहा ये तो फेसबुक का ही चमत्कार है कि आज मैं 'गुणों की खान' हूँ और मुझे कभी पता ही नहीं चला| ऐसा सिर्फ मेरे ही साथ नहीं हर फेसबुकिये के साथ हो रहा है| तस्वीरों में बूके चले आ रहे हैं, गुलाब जामुन, रसमलाई, चमचम के थाल भरे चले आते हैं और 'बर्थ-डे केक' तो इतने सारे आ जाते हैं कि फेसबुक पर भी 'स्वच्छता अभियान' चलाना पड जाता है|
बरसों पहले अपने पैदा होने की ख़ुशी में आज शामिल उन तमाम 'आभासी' मित्रों का व्यक्तिगत रूप से 'आभारी' भी होना पड़ता है कुछ न कुछ 'रिटर्न गिफ्ट' के साथ वरना आप 'अहंकारी' का तमगा पाकर अगली बधाई से वंचित ही नहीं 'अमित्र' भी करार दिए जा सकते हैं| एक करीबी मित्र ने अपना या अपने बीबी बच्चों का जन्मोत्सव मनाने के भारी भरकम खर्चो से बचने का एकमात्र सरल और सुगम उपाय सुझाया 'फेसबुक पे जन्मदिन' आप तो खाली डाल भर दो- 'आज मेरी प्राण प्यारी का २१ वा जन्मदिन है' और साथ में उसका ४२ साल वाला फोटो भी मढ दो फिर आपको कुछ नहीं करना है बगैर अठन्नी खर्च किये दिन भर और बाद में भी 'बिलेटेड' मनता रहेगा| इससे 'राजकोषीय घाटे में भी कटौती होगी और आपकी जेब भी कटने से बच जायेगी| तो आभासी दुनिया के दोस्तों आज जिनका जन्मदिन है उन्हें कलम भर तथा कालम भर शुभकामनायें |
-मुकेश जोशी  ८, मंगलम अपार्टमेंट, वेद्नगर, उज्जैन ४५६०१०
-९९२६३-००९७३



कोई टिप्पणी नहीं: