पिता की चिंता - मुकेश जोशी

पिता की चिंता - मुकेश जोशी 
शाम ढलने को होती है तब लौटता है
मेरा बेटा /थका हारा और उदास

दो धड़ी का बस्ता पटकता है ज़मीन पर
और पड़ जाता है पेट के बल
उसे लड़ियाने और हँसाने की मेरी
 तमाम कोशिशें हो जाती है नाकाम
माँ कहती है - बेटा खेल आ थोड़ा बाहर जाकर
बेटा नहीं जाता कहीं /बुदबुदाते हुए भारी मन से
उठता है वो / फिर लग जाता है भारी बस्ता टटोलने
खीझ के साथ निकालता है एक मोटी सी किताब
और दो कॉपी -क्लास वर्क तथा होम वर्क की
उकड़ू होकर बैठ जाता है, गोल-गोल
उँगलियाँ घुमाते हुए चितरता रहता है/ देर रात तक
रात सोये बेटे पर जब प्यार आता है तो नज़र आती है /
उसकी कच्ची उँगलियों पर पड़ी गांठें
सुनता हूँ उसका बड्बड़ाना/कल कार्टून नहीं देखा था मिस ..
.साइंस का याद ही नहीं होता मिस/
सोचता हूँ -सिहरता भी हूँ /तीसरी क्लास मे ही
इतना गंभीर हो गया है मेरा बेटा/ पता नहीं
आगे की पढ़ाई मे क्या होगा ?
कहीं मेरा बेटा दूर न निकल जाये मुझसे
समिति की सिफ़ारिशों /हो सके तो
बेटे का बचपन लौटा दो ....