सयानी होती बेटी - मुकेश जोशी

सयानी होती बेटी - मुकेश जोशी 
दसवीं पास होते ही बेटी की फरमाइश
कोचिंग पर जाना पड़ेगा पापा ...गाड़ी चाहिए और मोबाइल भी

बच्ची की ज़िद मे माँ की ज़िद भी आ जुड़ी
बच्ची इस कोचिंग से उस कोचिंग/  बीच मे स्कूल भी
गाड़ी और मोबाइल क्या मिला
बेटी के अरमानों को लग गए पंख
अब वो हमसे बात नहीं करती
बात करती है सिर्फ फ़्रेंड्स से ...कभी इस तो कभी उससे
घर मे बात करने का वक़्त नहीं है उसके पास
कभी सड़क पर भी दिखती है तो
गर्दन एक तरफ लटकाए
कान और कंधों के बीच मोबाइल फंसाए
कभी हँसती तो कभी भावहीन
माँ भी बोलती है - आजकल ये लड़की अपने से बात क्यूँ नहीं करती ?
समझदारी ओढ़ते हुए जवाब देता हूँ- सयानी हो गई है बेटी
दोस्तों से ही बातें करने मे बातें खत्म हो जाती होंगी /
अपनी बेटी ही नहीं/ उन सारी बेटियों से मुखातिब हूँ -
दोस्तों से बातें करो जरूर पर इतनी भी नहीं कि/
घर वालों से बातें करने का वक़्त और बात ही नहीं बचे
बेटियों, इस भीषण क्रूर और कुत्ते समय में /
जब चारों तरफ भूखे भेड़िये जीभ लपलपाए
घूम -सूंघ रहे हों तब तुम्हें दोस्त कभी नहीं बचाएंगे/
माँ- बाप और तुम्हारी चिंता मे तुमसे लड़ता झगड़ता भाई ही
अकेले हमदर्द होंगे तुम्हारे
मोबाइल और गाड़ी से मिली आज़ादी को/ स्कार्फ मे मत बांधो
और
 सही दिशा मे ही ले चलो बेटियों
हमारी भी चिंताएँ कम होंगी 
और तुम भी रहोगी सुरक्षित