चिकन-मटन के बीच फंसे सावरकरजी की जयंती

चिकन-मटन के बीच फंसे सावरकरजी की जयंती 

अपने समय के महान स्वातंत्र्य वीर विनायक दामोदर सावरकरजी की आज जयंती है। उज्जैन मे उनके अनुयायियों द्वारा उनकी प्रतिमा जहां प्रतिष्ठित की गई है, उसे प्राधिकरण के तत्कालीन अध्यक्ष जी ने वीर सावरकर चौराहे का नाम भी दिया था और एक बड़ा बजट भी इस सुभाषनगर ( अब वीर सावरकर ) चौराहे  के विकास के लिए बनाया गया था। विकास का वो बजट कहाँ गया ये तो
नगर निगम जाने या प्राधिकरण लेकिन इस वीर सावरकर चौराहे पर उनकी प्रतिमा विराजित कर देने के बाद से आज तक कभी इसकी सुध नहीं ली गयी कि सावरकरजी किन बदतर हालातों मे बैठे हैं। चौराहे का विकास तो नहीं हुआ अलबत्ता सत्यानास जरूर हो गया। चारों तरफ ठेले गुमटी के अतिक्रमण तो पसरे हुए हैं ही साथ ही सावरकरजी मुर्गे,मटन,मछलियों,शराब की सड़ांध से घिर चुके हैं। इस चौराहे पर तीन वार्डों के पार्षदों का कार्यक्षेत्र लगता है और संयोग से तीनों ही भाजपा के हैं। सावरकरजी को मानने-पूजने वाले भी ये ही लोग हैं। आज ये सब लोग अपने महापुरुष की जयंती पर उन्हे फूलमालाएँ चढ़ाने भी पहुंचेंगे ही मगर आस पास बिक रहे मुर्गे मछलिया इन्हे नज़र नहीं आएंगे क्योंकि ये मछली मुर्गे वाले इन्ही पार्षदों की अंडे देने वाली 'मुर्गियाँ' जो हैं । 
कल शाम जब मैं इस चौराहे से गुज़र रहा था तो देखा सावरकरजी की आँखों मे आँसू थे ( जो लोग सावरकरजी को नहीं जानते उन्हे पता भी नहीं होगा कि सावरकरजी कितने बड़े लड़ाके थे, और आज़ादी की लड़ाई मे उनका योगदान किसी गांधी-नेहरू से कतई कम नहीं है,स भगतसिंह और नेताजी बोस भी उनकी अद्भुत नेतृत्व क्षमता का लोहा मानते थे) मैंने पूछा -क्या हुआ सावरकर महाराज ...अब तो देश आज़ाद है फिर ये आँसू ...? बोले बेटा - इसीलिए तो रो रहा हूँ कि क्या इस दिन के लिए देश के लिए लड़ा था.....कि मुझे चिकन-मटन,शराब के अड्डों और मछलियों की दुर्गंध के बीच बैठा दिया जाए....क्या उनके लोग 'बापूजी' की प्रतिमा के आजू-बाजू ये सब चुपचाप देख सकते हैं कभी नहीं ....न ....तो फिर मेरे मानने -पूजने वाले मुझे इस गंदगी मे बैठा कर क्यूँ भूल गए ...फिर उदास होकर बोले- " बेटा तूने मेरी आत्म कथा " माझी जन्म ठेप " (मेरी उम्रक़ैद) पढ़ी है न॥उसमे मैंने इसी "उज्जैन" को भारत की राजधानी बनाए की इच्छा व्यक्त की थी कि ये वो धार्मिक नगरी है जो देश के बीचोबीच है जहां हर कोई सुरक्षित  रह सकता है पर अब तो यहाँ के मुर्गे,चूज़े, मछलियाँ तक सुरक्षित नही है फिर मेरी-तुम्हारी बिसात ही क्या ...?" मैंने निवेदन किया कि महाराज आप तो इनके पुरखे हैं अभी इनके पितृ पुरुष दीनदयाल जी उपाध्याय हैं आपकी तो छोड़िए इन लोगों ने उनकी बड़ी सारी मूर्ति के बाजू मे ही चिकन- मटन की गुमटी ठीक बस स्टैंड के बाहर लगवा दी है....किसको किसको रोएगे आप ....गांधीजी उनके अनुयायियों को लेकर दुखी है और आप अपने ...सावरकरजी बोले- सच मे मैं गलत लोगों के लिए लड़ लिया .....